लाइन ठीक करते समय अचानक चालू हो गई थी 11 हजार वोल्ट की लाइन, परिवार का इकलौता कमाने वाला था मृतक; विभागीय लापरवाही पर परिजनों ने उठाए सवाल
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर कनपुरवा पावर हाउस में तैनात संविदा लाइनमैन की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलसने के 13 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज में गुरुवार सुबह करीब चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हादसे की वजह स्पष्ट करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, छह नवंबर को अंजना कबीर गांव के पास 11 हजार वोल्ट की लाइन में आए फाल्ट को ठीक करने के लिए संविदा लाइनमैन धर्म सिंह (42) पुत्र बद्री प्रसाद पहुंचे थे। शाम करीब पांच बजे मरम्मत के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर कानपुर के कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। यहां करीब 13 दिनों तक चले इलाज के बाद गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।
धर्म सिंह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी रेखा देवी, पुत्र सचिन कुमार और पुत्रियां साधना व राधिका हैं। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दूसरी ओर, परिजनों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक विभाग की ओर से उन्हें यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि लाइनमैन के करंट की चपेट में आने की वजह तकनीकी चूक थी या किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई। उनका कहना है कि आखिर मरम्मत के दौरान बिजली आपूर्ति कैसे चालू हो गई? हादसे की जिम्मेदारी तय कर मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इस संबंध में कनपुरवा पावर हाउस के जेई विक्रांत आनंद से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि विभाग की तरफ से इलाज का पूरा खर्च किया गया मौत उपरांत परिवार को विभाग की तरफ से 10 लाख की सहायता एवं मृतक की पत्नी को पेंशन के लिए विभाग की तरफ से आश्वासन दिया गया।