तीन महीने से ठप निर्माण, श्रद्धालु और राहगीर परेशान, प्रशासन पर अनदेखी के आरोप
दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|सावर से मोटालाव जाने वाले मार्ग पर ठेकेदार की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है, जहां सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ देने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासनिक अनदेखी के चलते सड़क पर क्रेशर गिट्टी डालकर कार्य बीच में ही रोक दिया गया है, जिससे राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार, सावर से उदयसागर होते हुए प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भगवान द्वारकाधीश चारभुजा नाथ (मोटालाव) तक जाने वाले मार्ग का निर्माण कार्य पिछले करीब तीन महीनों से बंद पड़ा है। ठेकेदार द्वारा लगभग 3 किलोमीटर तक गिट्टी बिछाकर डामरीकरण का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार को कई बार फोन के माध्यम से समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन उसने कोई जवाब देना तक उचित नहीं समझा। वहीं, सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को भी शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान द्वारकाधीश चारभुजा नाथ के दर्शन के लिए पैदल व वाहनों से गुजरते हैं। सड़क पर फैली गिट्टी के कारण पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है, विशेषकर गर्मी के मौसम में हालात और भी गंभीर हो गए हैं।
ग्रामीणों में इस स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम और जिला कलेक्टर अजमेर से मांग की है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करवाकर आमजन को राहत दिलाई जाए।
