मुख्यमंत्री के रोड शो से पहले निगम की पोल,CM के रोड शो से पहले निगम की ‘सफाई’ की पोल!

भीमगंज थाने के बाहर गड्ढे में फंसी गाड़ी, नाले बेहाल और सड़कों पर गंदगी—VIP रूट पर भी नहीं सुधरी व्यवस्था

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो से पहले भीलवाड़ा नगर निगम की व्यवस्थाओं की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने चुनावी मौसम में निगम के दावों की पोल खोल दी। मुख्यमंत्री के रोड शो की तैयारियों के बीच भीमगंज थाने के बाहर एक गाड़ी सड़क के गड्ढे में फंस गई। आसपास बदहाल नाले और सफाई व्यवस्था की स्थिति ने सवाल खड़ा कर दिया कि जब मुख्यमंत्री के रोड शो वाले मार्ग की यह हालत है तो शहर की बाकी सड़कों और गलियों का क्या हाल होगा?
CM का रोड शो, फिर भी गड्ढा ‘VIP’ नहीं बना!
मुख्यमंत्री का रोड शो था, प्रशासन और पुलिस का पूरा अमला सक्रिय था, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के दावे किए जा रहे थे। लेकिन नगर निगम की नजर शायद उस गड्ढे तक नहीं पहुंची, जिसमें गाड़ी फंस गई।
विडंबना देखिए—जिस मार्ग को मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए तैयार किया जाना था, उसी मार्ग ने निगम की तैयारियों का स्वागत गड्ढे से किया।
यह महज सड़क पर बना एक गड्ढा नहीं, बल्कि नगर निगम की मॉनिटरिंग और जिम्मेदारी पर बड़ा सवाल है।
नालों की दुर्दशा ने बढ़ाई ‘शहर की बदबू’
रोड शो के दौरान शहर को चमकाने की कवायद के बावजूद नालों की हालत में खास बदलाव नजर नहीं आया। कई जगह नाले गंदगी और अव्यवस्था से जूझते दिखे। सवाल यह है कि लाखों-करोड़ों रुपये के बजट और सफाई व्यवस्था के दावों के बावजूद शहर के नाले आखिर कब साफ होंगे?
क्या निगम की सफाई व्यवस्था सिर्फ निरीक्षण और कागजी रिपोर्टों तक सीमित है?
चुनाव में वोट मांगने वालों के सामने जनता का सवाल
निकाय चुनाव में पार्षद प्रत्याशी घर-घर पहुंचकर विकास के वादे कर रहे हैं। सड़क, नाली और सफाई हर प्रत्याशी के भाषण का हिस्सा है। लेकिन मुख्यमंत्री के रोड शो से पहले सामने आई यह तस्वीर उन तमाम दावों की परीक्षा बन गई है।
जनता का सीधा सवाल है—
जब मुख्यमंत्री के रोड शो के रूट की सड़क नहीं संभली, तो पांच साल तक आम शहरवासी किन सड़कों पर चलेंगे?
जब VIP रूट के नाले बदहाल हैं, तो आम मोहल्लों की सफाई कौन करेगा?
निगम के लिए आईना है यह तस्वीर:-
नगर निगम के जिम्मेदारों के लिए यह घटना महज गाड़ी के गड्ढे में फंसने का मामला नहीं होना चाहिए। यह उस व्यवस्था का आईना है, जिसकी जिम्मेदारी शहर की सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था संभालने की है।
मुख्यमंत्री के रोड शो ने जहां राजनीतिक माहौल गरमाया, वहीं भीमगंज थाने के बाहर फंसी गाड़ी ने निगम की कार्यशैली पर सवालों की गर्मी बढ़ा दी।
सवाल अब यह है कि निगम इस गड्ढे को भरेगा या सिर्फ अपनी सफाई देने में जुटेगा?