लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलहल|अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खीरी पुलिस ने पूर्व में गोवध जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे दो अभियुक्तों को दो अवैध तमंचों और जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) भी जारी था।पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक खीरी के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस टीम ने ओयल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नौशाद पुत्र लियाकत अली निवासी कादीपुर थाना खीरी तथा बुद्धू लोनिया पुत्र पुन्ना उर्फ पूरन लोनिया निवासी लोनपुरवा भगौतीपुर थाना खीरी को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक-एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर नौशाद के विरुद्ध मु.अ.सं. 0445/2026 तथा बुद्धू लोनिया के विरुद्ध मु.अ.सं. 0446/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि बुद्धू लोनिया के खिलाफ एसीजेएम-2 न्यायालय से एक गैर जमानती वारंट भी जारी था।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। नौशाद हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गोवध, आर्म्स एक्ट, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम समेत धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं बुद्धू लोनिया पर चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों सहित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक डिम्पल कुमार, कांस्टेबल नील कुमार, दिलीप यादव, नितिन कुमार गौतम तथा अजीत कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
