11 से 15 अगस्त तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम, गुड़ की लावसी खिलाने से लेकर हस्ताक्षर अभियान तक होंगे आयोजन
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा के पुर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं राजस्थान सरकार के पूर्व राज्य मंत्री तथा मेवाड़ के वरिष्ठ नेता धीरज गुर्जर के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर उपनगर पुर में 11 से 15 अगस्त तक संकल्प सप्ताह मनाया जाएगा। सप्ताह के दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित कर गौ संरक्षण और गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।संकल्प सप्ताह के तहत 11 अगस्त को गौ माता को गुड़ की लावसी खिलाकर उन्हें राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने का संकल्प लिया जाएगा। वहीं 12 अगस्त को पुर क्षेत्र की आंगनबाड़ियों में पोषाहार को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बड़ी बक्सा पेटियां भेंट की जाएंगी।इसी क्रम में 13 अगस्त को गौ माता को चारा खिलाने के साथ संत-महात्माओं एवं गो भक्तों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। 14 अगस्त को शिव-नंदी अभिषेक का आयोजन किया जाएगा। वहीं 15 अगस्त को गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार संकल्प सप्ताह का उद्देश्य गौ संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना, गौ सेवा को प्रोत्साहित करना तथा गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने की मांग को व्यापक जनसमर्थन दिलाना है।सभी कार्यक्रम सेवादल कांग्रेस भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं एवं गो भक्तों द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रमों में सहभागिता करने का आह्वान किया गया है।
