पौधारोपण कर दिया हरियाली का संदेश
अनिल कुमार
ब्यावर/किशनपुरा।स्मार्ट हलचल|(ग्राम कोटड़ी) स्थित प्रसिद्ध नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में ‘श्री गौरी शंकर नीलकंठ महादेव हिम्मत सिंह नंदी गौशाला’ का विधिवत लोकार्पण किया गया। पशुपालन, गौपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत और ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत ने संयुक्त रूप से गौशाला का उद्घाटन किया। इस अवसर पर साधु-संतों, विभागीय अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों की गरिमामयी मौजूदगी रही।
यह नई गौशाला क्षेत्र में सड़कों व खेतों में विचरण करने वाले निराश्रित एवं मूक गोवंश के लिए मील का पत्थर साबित होगी। यहाँ गोवंश को न केवल सुरक्षित आश्रय मिलेगा, बल्कि उनके नियमित चारे, देखभाल और चिकित्सा उपचार की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी।
मांग पर त्वरित कार्रवाई की मिसाल
उल्लेखनीय है कि गत 24 जून को लंपी बीमारी के रोकथाम व टीकाकरण कार्यक्रम के दौरान ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत ने पशुपालन मंत्री के समक्ष मंदिर परिसर के पास गौशाला खोलने की मांग रखी थी। मंत्री जोराराम कुमावत ने तत्काल इस दिशा में पहल की और रिकॉर्ड समय में इस संकल्प को साकार कर दिखाया।
गौसेवा के साथ दिया हरियाली का संदेश
लोकार्पण समारोह के दौरान मंत्री कुमावत एवं विधायक रावत ने मंदिर परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने लोगों से केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनके पेड़ बनने तक नियमित देखभाल करने की अपील की। पशुपालन मंत्री ने कहा कि गोवंश और पर्यावरण का संरक्षण हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पशुपालकों को विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उनका लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
