होली से पहले मिलावट पर शिकंजा, तीन प्रतिष्ठानों से मावा के नमूने

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|होली पर्व से पूर्व मिलावटी खाद्य पदार्थों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को तीन प्रतिष्ठानों से मावा के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में टीम ने मेसर्स श्रीराम डेयरी (चंद्रशेखर आजाद नगर), मेसर्स जोधपुर मिष्ठान भंडार (बदाली खेड़ा चौराहा) और मेसर्स लवकुश मिष्ठान भंडार (सुभाष नगर) से विधिवत सैंपल लेकर सील किए।
गुणवत्ता से समझौता नहीं:-
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन में मावा एवं दुग्ध उत्पादों की नियमित जांच की जा रही है। यदि जांच में मिलावट या मानक के अनुरूप गुणवत्ता नहीं पाई गई तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। नागरिक करें सहयोग:-
विभाग ने आमजन से अपील की है कि मिलावटी या संदिग्ध खाद्य पदार्थ की सूचना दूरभाष नंबर 01482-232643 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
त्योहार पर शुद्ध मिठास बनाए रखने के लिए प्रशासन का अभियान लगातार जारी है।