बानसूर। स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के ग्राम मोरोड़ी निवासी सीआरपीएफ सब-इंस्पेक्टर मोहर सिंह गुर्जर का छत्तीसगढ़ में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ की 196 यूनिट में तैनात थे। उनका पार्थिव शरीर शनिवार दोपहर तक उनके पैतृक गांव मोरोड़ी पहुंचने की संभावना है, जहां उनका सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहर सिंह गुर्जर पुत्र मूलाराम गुर्जर का निधन गुरुवार देर शाम हुआ। उनकी यूनिट में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वे 8 मार्च को लगभग 20 दिन की छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटे थे।पूर्व सरपंच धर्मवीर रावत ने बताया कि मोहर सिंह के दो बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। उनका छोटा बेटा सेना में है, जबकि बड़ा बेटा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। हरसौरा नायब तहसीलदार पवनेश शर्मा ने बताया कि जवान का पार्थिव शरीर छत्तीसगढ़ से हवाई जहाज द्वारा देर रात दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगा। इसके बाद सड़क के रास्ते से उनके गांव मोरोड़ी लाया जाएगा। गांव में उनके निधन की खबर से शोक की लहर दौड़ गई है।
