‘मेवाड़ गौरव गाथा प्रश्नोत्तरी’ 24 मई को, प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपए
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। चित्तौड़गढ़ गौरव तीर्थ प्रन्यास द्वारा आयोजित “मेवाड़ गौरव गाथा प्रश्नोत्तरी” को लेकर पूरे अंचल में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अवधि शनिवार को समाप्त हो गई। मेवाड़ के इतिहास, शौर्य और सांस्कृतिक विरासत को जानने के लिए विद्यार्थियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
प्रन्यास के ट्रस्टी पुष्कर नराणियां ने बताया कि देश के 11 राज्यों एवं राजस्थान के 41 जिलों के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार के लिए गठित 40 टोलियों ने लगभग 450 विद्यालयों के करीब 50 हजार विद्यार्थियों तक पहुंचकर मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास को जानने एवं पढ़ने के लिए प्रेरित किया। इनमें से लगभग 10 हजार विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
उन्होंने बताया कि जनजागरण के लिए गठित चार विशेष टीमों ने विभिन्न शहरों एवं प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर मेवाड़ के इतिहास से जुड़े प्रश्न पूछे, जिससे विद्यार्थियों एवं आमजन में प्रतियोगिता के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रन्यास के ट्रस्टी श्रवण सिंह राव ने बताया कि इतिहास को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगभग 10 हजार विद्यार्थियों को “मेवाड़ गौरव गाथा” पुस्तक उपलब्ध करवाई गई है। साथ ही 450 विद्यालयों की पुस्तकालयों को भी यह पुस्तक भेंट की गई है, ताकि नई पीढ़ी मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास से जुड़ सके।
प्रन्यास प्रवक्ता के अनुसार प्रतियोगिता के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि भी निर्धारित की गई है। प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार 51 हजार रुपए तथा तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपए रखा गया है। इसके अलावा 50 प्रतिभागियों को 2100 रुपए के सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता का प्रथम चरण 24 मई को ऑनलाइन आयोजित होगा। इसमें चयनित प्रथम 450 प्रतिभागी द्वितीय चरण के लिए चयनित किए जाएंगे। प्रतियोगिता का द्वितीय चरण 14 जून को चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर ऑनलाइन परीक्षा के रूप में आयोजित किया जाएगा तथा उसी दिन परिणाम घोषित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को मेवाड़ की वीरता, त्याग, स्वाभिमान एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है, ताकि युवा अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
