झनकारों के बीच छलका सांस्कृतिक वैभव

सी पी गोयल
बारां, 11 अप्रेल।स्मार्ट हलचल|जिला स्थापना दिवस की 35वीं वर्षगांठ पर शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।, जिसमें विद्यालयी बालक-बालिकाओं ने समधुर सामूहिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम में झनकारों के बीच राजस्थानी संस्कृति का वैभव छलकता रहा।
मेलखेड़ी रोड स्थित टाउन हॉल आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में पीएमश्री राउमावि गजनपुरा, महात्मा गांधी स्कूल स्टेशन रोड, राबाउमावि श्रीराम स्टेडियम, फ्यूचर अकेडमी स्कूल, कल्पेश स्कूल, राउमावि कोटा रोड, राउमावि भीमगंज वार्ड, राबाउमावि पुराना थाना, गुरूकुल कान्वेंट स्कूल, न्यू एरा स्कूल के विद्यार्थियों ने राजस्थानी गीतों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। औंस संस्था के विमंदित बालकों ने भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी। गम ए आशिकी गीत फेम युवा गायक श्री एन ने डीजे बीट्स पर नॉन स्टॉप फिल्मी गीतों की पेशकश देते हुए सभी को झूमने को विवश कर दिया। कोटा के गजल व सूफी गायक सुरेंद्र रावल ने भी गीत की प्रस्तुति दी। बाल गायक नवांश गौतम ने मीठे स्वरों में सत्यम शिवम सुंदरम गीत की मनमोहक प्रस्तुति देते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। वहीं छात्रा लोकाम्या वैष्णव ने शास्त्रीय कथक नृत्य की खूबसूरत प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में कार्यवाहक जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल, जिला परिषद सीईओ राजवीर सिंह चौधरी, एएसपी राजेश चौधरी, एसडीएम विश्वजीत सिंह सहित अनेक जिला स्तरीय अधिकारी, शिक्षक व आमजन उपस्थित थे। संचालन सुनील शर्मा ने किया।