अनिल कुमार
ब्यावर/बर।स्मार्ट हलचल|अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा, राजस्थान) द्वारा प्रदेश में सुदृढ़ कानून व्यवस्था स्थापित करने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को पुलिस थाना बर में एक महत्वपूर्ण सामुदायिक पुलिसिंग बैठक का आयोजन किया गया।यह बैठक जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ब्यावर) अनुकृति उज्जैनिया (RPS) के निकटतम पर्यवेक्षण में आयोजित की गई। बैठक में वृताधिकारी रायपुर बंशीलाल पाण्डर (उप अधीक्षक पुलिस), रायपुर तहसीलदार नरेन्द्र सिंह और बर थानाधिकारी (उप निरीक्षक) पन्नालाल मौजूद रहे।
साइबर फ्रॉड व यातायात सुरक्षा पर चर्चा
बैठक के दौरान सीएलजी (CLG) सदस्यों, ग्राम रक्षकों, यूथ सीएलजी और पुलिस मित्रों को डिजिटल अरेस्ट, साइबर फ्रॉड, तथा निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी जैसे गंभीर साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही यातायात नियमों की पालना करने और क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देकर सहयोग करने की अपील की गई।
अतिक्रमण पर पुलिस का कड़ा रुख
बैठक में सीएलजी सदस्यों ने मुख्य बाजार और चौराहों पर दुकानदारों द्वारा सड़क पर फैलाए जाने वाले सामान और अस्त-व्यस्त खड़े ठेलों से रास्ते संकरे होने व आवागमन बाधित होने की समस्या उठाई।
प्रशासनिक समाधान: इस समस्या पर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी दुकानदारों को तुरंत हिदायत देकर समझाइश की जाएगी। इसके बाद भी सड़क से अतिक्रमण न हटाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
