विश्व साइकिल दिवस पर साइकिल रेस का आयोजन, विजेताओं को किया सम्मानित

रणवीर सिंह चौहान

भवानी मंडी
भवानी मंडी।स्मार्ट हलचल/विश्व साइकिल दिवस एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद मीरा शाखा द्वारा आरटीएम के सहयोग से आरटीएम परिसर में भव्य साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

प्रतियोगिता को पाँच अलग-अलग आयु वर्गों में आयोजित किया गया, जिससे बच्चों, किशोरों, युवाओं एवं महिलाओं प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह एवं प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। साइकिल रेस के माध्यम से लोगों को प्रदूषण मुक्त परिवहन अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आरटीएम के मुख्य अध्यक्ष श्री रोहित जी अरोड़ा, श्री संजीव सिंह जी एवं श्रीमती नीतू सिंह ने की। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि साइकिल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी एक प्रभावी माध्यम है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।

प्रतियोगिता के समापन पर सभी वर्गों के विजेता प्रतिभागियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा सभी प्रतिभागियों की खेल भावना एवं उत्साह की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों, अतिथियों एवं उपस्थितजनों को एनर्जी ड्रिंक के रूप में स्ट्रॉबेरी जूस वितरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

भारत विकास परिषद मीरा शाखा एवं आरटीएम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान शाखा की संरक्षिका मंजू भराड़ीया, सचिव सुधा फलेट, कोषाध्यक्ष राजेश बिरला, उपाध्यक्ष रजनी क्षोत्रि,य संस्कार प्रभारी वंदना लड्डा,पर्यावरण प्रभारी मनीषा शर्मा , गायत्री सेठिया,अनसूया तोमर,आशा पारवानी उपस्थित रही।