डामर के पेचवर्क ने खोली गुणवत्ता की पोल, आर के कॉलोनी में एक दिन भी टिक नहीं पाया पेचवर्क, ठेकेदार ने की केवल खानापूर्ति

भीलवाड़ा । शहर के आर.के. कॉलोनी, सत्यम काम्प्लेक्स रोड वार्ड संख्या 33 में सड़क पर किया गया डामर का पेचवर्क गुणवत्ता की पोल खोल रहा है। हालात ऐसे हैं कि यह पेचवर्क एक दिन भी नहीं टिक पाया और जगह-जगह से उखड़ने लगा।

क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है कि कार्य की गुणवत्ता बेहद खराब है और यह केवल खानापूर्ति के उद्देश्य से किया गया प्रतीत होता है । व्यापारियों ने संबंधित ठेकेदार को इस कार्य का भुगतान नहीं किए जाने की भी मांग की है, ताकि सरकारी धन की बर्बादी पर रोक लग सके और भविष्य में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित हो। यदि सड़क मरम्मत का कार्य जनता के टैक्स के पैसे से हो रहा है, तो उसकी गुणवत्ता भी निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। घटिया निर्माण सामग्री और लापरवाही से किया गया कार्य न केवल सरकारी धन की बर्बादी है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है। संबंधित विभाग से मांग है कि इस कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए, जिम्मेदार ठेकेदार एवं अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा मानकों के अनुरूप दोबारा गुणवत्तापूर्ण सड़क के पेच वर्क का कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जांच पूरी होने तक संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोका जाए।