कोटा। स्मार्ट हलचल|दशलक्षण महापर्व के उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म के अवसर पर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ‘वर्धमान’ कोटा की ओर से श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, तलवंडी धर्मशाला में जैन धार्मिक प्रश्नोत्तरी एवं रोचक पहेलियों का आयोजन किया गया। धार्मिक सिद्धांतों और प्रसंगों पर आधारित सवालों ने श्रद्धालुओं को जहां अपने ज्ञान को परखने का अवसर दिया।अध्यक्ष सीमा जैन बागड़िया, सचिव श्वेता जैन सेठिया ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री अदिति जैन सुरलाया के मंगलाचरण से हुआ। इसके बाद भगवान महावीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर आयोजन की शुरुआत की गई। पुण्यार्जक श्रीमती इंदिरा जैन एवं राजेंद्र जैन ताथेड़िया, जे.के. जैन, सुरेश हरसोरा, सुरेश चांदवाड, अशोक पहाड़िया एवं अनिल ठोरा सहित गणमान्यजन मौजूद रहे।
प्रश्नोत्तरी का संचालन आदि भैया ने किया। उन्होंने जैन धर्म, सिद्धांतों, तीर्थंकरों और धार्मिक प्रसंगों से जुड़े प्रश्नों तथा पहेलियों के माध्यम से प्रतिभागियों की धार्मिक समझ को परखा। धर्मप्रेमी बंधु-भगिनियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सही उत्तर देने के लिए उत्साह के साथ अपनी सहभागिता निभाई। विजेताओं एवं सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पारितोषिक देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
धर्म को जीवन से जोड़ने पर जोर
आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि धर्म केवल सुनने और पढ़ने का विषय नहीं है, बल्कि उसके सिद्धांतों को समझकर आचरण में उतारना ही धर्म की वास्तविक सार्थकता है। उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म आत्मसंयम, इंद्रिय नियंत्रण और आत्मशुद्धि की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर पुण्यार्जक परिवार इंदिरा एवं राजेंद्र जैन ताथेड़िया का सम्मान किया गया। वहीं प्रश्नोत्तरी एवं पहेलियों के संचालन के लिए आदि भैया का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ‘वर्धमान’ कोटा की अध्यक्ष सीमा जैन बागड़िया, सचिव श्वेता जैन सेठिया एवं कोषाध्यक्ष प्रियंका जैन धनोप्या सहित ग्रुप के सदस्य और बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन ने दशलक्षण महापर्व के उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म के संदेश को ज्ञान, सहभागिता और आनंद के साथ श्रद्धालुओं तक पहुंचाया।