नीरज मीणा
दौसा। स्मार्ट हलचल/जिला पुलिस ने लूट की एक गंभीर वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सागर राणा (IPS) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में घटना में शामिल अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च 2026 को शाम करीब 6:30 बजे परिवादी मेहरसिंह निवासी फागी (जयपुर) अपनी बाइक से गुजर रहा था। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उसे रोककर मारपीट की और उसका मोबाइल व सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बालाहेड़ी पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर कार्रवाई करते हुए लूट की घटना में शामिल मुख्य आरोपी गौरव उर्फ टोपा (19 वर्ष) निवासी नगांव, जिला सवाई माधोपुर को जयपुर से गिरफ्तार किया।पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपी ब्रजेश मीणा (21 वर्ष) निवासी अलवर और अनुज कुमार (22 वर्ष) निवासी करौली को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों से एक एंड्रॉयड मोबाइल और सोने की अंगूठी बरामद की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी सत्यनारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम के सदस्यों ने लगातार प्रयास कर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और अपराधियों में भय का माहौल बना है।
