आगामी पंचायत चुनावों को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश, रात्रि गश्त और नाकाबंदी प्रभावी बनाने पर दिया जोर
अमर चन्द बैरवा
दौसा|स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया आईपीएस ने 8 अक्टूबर को सिकंदरा, मानपुर और मेहंदीपुर बालाजी पुलिस थानों का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मानपुर वृत्ताधिकारी अशोक कुमार मीणा आरपीएस भी मौजूद रहे। एसपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों की कार्यप्रणाली, पुलिस रिकॉर्ड, लंबित प्रकरणों और अपराध नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, अपराधों की रोकथाम के लिए सक्रिय रहने और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
*चुनावों को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी विशेष निगरानी*
आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए एसपी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहना होगा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले व्यक्तियों पर निगरानी रखने और आवश्यक पुलिस व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
*रात्रि गश्त और नाकाबंदी मजबूत करने के निर्देश*
अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ने रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने तथा प्रमुख मार्गों, बाजारों, सुनसान स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त करने के निर्देश दिए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमानुसार जांच करने के साथ चोरी, नकबजनी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने को कहा। आवश्यकता के अनुसार प्रभावी नाकाबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
*वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर*
एसपी ने वांछित अपराधियों, स्थायी वारंटियों और गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने, साक्ष्यों का समय पर संकलन करने और अनुसंधान में अनावश्यक देरी से बचने के लिए कहा।
*परिवादियों की शिकायतों का प्राथमिकता से करें समाधान*
थानों पर आने वाले परिवादियों और आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को पीड़ितों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा जरूरतमंदों को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत बनाने पर जोर दिया।
एसपी कुंदन कंवरिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी चुनावों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति बनी रहे और आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करें।
दौसा पुलिस ने आमजन की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम और जिले में शांतिपूर्ण कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।