ग्राम पंचायतों में प्री-कैम्पों के आयोजन से ग्रामीण,लोक कल्याणकारी योजनाओं से होंगे लाभान्वित।
बून्दी- स्मार्ट हलचल।अमर शहीद नानक जी भील की पुण्यतिथि (13 जून) के अवसर पर आयोजित होने वाले आदिवासी विकास मेले से पूर्व बरड़ क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में प्री-कैम्पों का आयोजन किया जाएगा। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार, उपखण्ड अधिकारी लक्ष्मीकान्त मीणा ने आदेश जारी कर 8 जून से 12 जून 2026 तक विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। इन शिविरों का समय सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक रहेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 जून को धनेश्वर ग्राम पंचायत भवन में जवाहर सागर, खड़ीपुर, धनेश्वर के लिए, 9 जून को बुधपुरा ग्राम पंचायत भवन में बुधपुरा, गोपालपुरा के लिए, 10 जून को डाबी ग्राम पंचायत भवन में डाबी, लाम्बाखोह, राजपुरा, सूतड़ा, गणेशपुरा के लिए, 11 जून को लक्ष्मीपुरा ग्राम पंचायत भवन में लक्ष्मीपुरा, डोरा के लिए तथा 12 जून को डाबी ग्राम पंचायत भवन उपतहसील मुख्यालय पर समस्त बरड़ क्षेत्र की ग्राम पंचायतो के लिए प्री कैंप आयोजित होंगे।
उपखण्ड अधिकारी ने बताया कि शिविरों में ग्रामीणों को सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित किया जायेगा। कैंप में मुख्य रूप से राजस्व एवं विकास से जुड़े मामलों का निस्तारण, स्वास्थ्य जांच, रोजगार मेला और कृषि मेले का आयोजन, एनएफएसए (NFSA) योजना के तहत नए आवेदन फॉर्म लेना, किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री की सुविधा, दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण एवं सहायता सामग्री का वितरण संबंधी कार्य किए जाएंगे।
उपखंड अधिकारी ने उपखण्ड स्तरीय समस्त अधिकारियों, ग्राम विकास अधिकारियों और हल्का पटवारियों को निर्धारित समय और स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही तहसीलदार को पटवारियों की और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया गया है। विकास अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में इन कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई हैं।
