महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर बनेठा सरपंच यशकरण सैनी ने विद्यालय में किया श्रमदान,

विद्यालय में महापुरुष के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर दी श्रद्धांजलि-विद्यार्थियों को श्रमदान एवं नैतिक संस्कारों का बताया महत्व

शिवराज बारवाल मीना

टोंक ।स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखंड क्षेत्र के उपतहसील मुख्यालय बनेठा स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में ग्राम पंचायत बनेठा के नवनिर्वाचित सरपंच यशकरण सैनी ने महात्मा ज्योतिबा फुले की 137वीं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस अवसर पर सरपंच यशकरण सैनी ने विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ श्रमदान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य फहाद सईद खान ने सरपंच यशकरण सैनी एवं वार्ड पंच रामेश्वर मीणा का विद्यालय में प्रथम आगमन पर माल्यार्पण एवं साफा बंधन कर स्वागत-सम्मान किया। इस दौरान सरपंच यशकरण सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में श्रमदान के महत्व तथा महापुरुषों के आदर्शों एवं चरित्र से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों में नैतिक गुणों एवं संस्कारों का विकास अत्यंत आवश्यक है। स्टेट अवार्डी शिक्षक हंसराज तंवर ने विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष एकल गान प्रतियोगिता में कक्षा 9 के छात्र जेनियल अहमद का राज्य स्तर पर चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर सरपंच यशकरण सैनी एवं प्रधानाचार्य ने छात्र को माल्यार्पण कर पारितोषिक प्रदान करते हुए सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे अध्यापक मनोज जैन ने सरपंच से विद्यालय में आवश्यक भौतिक संसाधन उपलब्ध करवाने तथा विद्यालय से निरंतर जुड़ाव बनाए रखने का आग्रह किया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक गजराज सिंह, निलेश, संजय, सीताराम, गिर्राज, अबरार अहमद, वैभव, सुनील, नीतू, रेखा, जितेश, बुद्धि प्रकाश सहित विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।