(बिन्टू कुमार)
नारायणपुर | स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत कोलाहेडा में स्थित पायला की ढाणी निवासी महेंद्र सिंह गुर्जर (37), जो दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे, शुक्रवार को एक सड़क हादसे में जिंदगी की जंग हार गए। महेंद्र सिंह वर्ष 2010 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे और इस समय द्वारका नॉर्थ स्टेशन सेक्टर-17 में अपनी सेवाएँ दे रहे थे। जानकारी के अनुसार 25 नवंबर को महेंद्र सिंह अपने दोस्तों के साथ नारनौल से एक मिलने वाले की शादी में शामिल होकर कार से दिल्ली लौट रहे थे। रास्ते में रोहतक आईएमटी थाना क्षेत्र के पास कार और ट्रक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में महेंद्र व अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों से उनका उपचार चल रहा था। हालांकि, शुक्रवार को महेंद्र ने दम तोड़ दिया। महेंद्र सिंह अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर से परिवार, गांव और दिल्ली पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को महेंद्र की अंतिम यात्रा में दिल्ली पुलिस के उच्च अधिकारी, जवान और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए। साथी पुलिसकर्मियों ने महेंद्र को अंतिम सलामी देकर भावुक विदाई दी। अधिकारियों ने कहा कि महेंद्र एक मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती जवान थे, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। वहीं घर पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में भी हर आंख नम दिखाई दी। महेंद्र की असमय मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया है।


