पानी की समस्या के समाधान की मांग को लेकर फलाहारी संत ने त्यागा भोजन

सूरौठ। स्मार्ट हलचल।कस्बे की शिव कॉलोनी एवं नेवला वाले बाबा की बगीची के क्षेत्र में चल रही पानी की समस्या के समाधान की मांग को लेकर फलाहारी संत गोपाल दास महाराज ने फल त्याग दिए हैं। संत गोपाल दास पिछले 9 दिन से फलों का भोजन त्याग कर केवल जल पी रहे हैं। संत का कहना है कि जब तक पानी की समस्या का समाधान नहीं होगा तब तक वे फल ग्रहण नहीं करेंगे।
संत गोपाल दास महाराज ने बताया कि नेवला वाले बाबा की बगीची में स्थित बोरिंग पिछले 10 दिन से खराब पड़ी हुई है। जिसके कारण शिव कॉलोनी एवं नेवला वाले बाबा की बगीची के क्षेत्र में पानी की समस्या चल रही है। बोरिंग खराब होने से बगीची में स्थित मंदिरों में पूजा कार्य भी नहीं हो रहा है। इस बारे में नगर पालिका के कार्मिकों एवं विभागीय अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई है। बोरिंग के दुरुस्त नहीं किए जाने के कारण आमजन को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। संत ने बताया कि पेयजल समस्या का समाधान होने पर ही वे फल खाएंगे।