आईएफडब्ल्यूजे के 77वें स्थापना दिवस पर शहीद स्मारक पर होगा आयोजन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
मदन मोहन गर्ग
गंगापुर सिटी।स्मार्ट हलचल|इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) के 77वें स्थापना दिवस पर 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जयपुर के शहीद स्मारक पर प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें प्रदेशभर के पत्रकार शामिल होकर पत्रकार सुरक्षा कानून, रोजगार संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा और लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।आईएफडब्ल्यूजे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि अर्पित कर होगी। उन्होंने दिल्ली में पत्रकारों के साथ कथित हिंसा, दुर्व्यवहार और उत्पीड़न की घटनाओं की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और आजीविका सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कानून बनाना समय की आवश्यकता है।राठौड़ ने पत्रकारों के वेतन, सेवा शर्तों, रोजगार सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा के लिए ठोस कानूनी व्यवस्था बनाने तथा राष्ट्रीय पत्रकार रजिस्टर गठित करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को समाचार संकलन के दौरान स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर कार्य करने का अधिकार मिलना चाहिए।दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यक्रम को वहां की परिस्थितियों और जारी परामर्शों के मद्देनजर स्थगित कर दिया गया है। अब 28 अक्टूबर को देशभर की प्रदेश इकाइयां अपने-अपने प्रदेश मुख्यालयों पर स्थापना दिवस मनाएंगी। राष्ट्रीय स्तर का संयुक्त समारोह वर्ष के अंत में नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।राठौड़ ने राजस्थान की सभी जिला इकाइयों के पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों से जयपुर पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों, स्वतंत्रता और आजीविका की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना आवश्यक है।