स्कूल की बाउंड्री और सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

तालाब के पास स्थित स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता, महिलाओं ने स्कूल बंद कराने तक की दी चेतावनी

दुवावा, स्मार्ट हलचल। गांव दुवावा में स्कूल की बाउंड्री और विद्यालय तक पक्की सड़क नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने शामिल होकर शासन-प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के पास तालाब स्थित होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। बारिश के दिनों में तालाब में पानी भरने के कारण बच्चों के तालाब में गिरने का खतरा और बढ़ जाता है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने सवाल उठाया कि यदि कोई बच्चा तालाब में डूब गया तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल की बाउंड्री और सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से शासन-प्रशासन के समक्ष उठाई जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय तक पक्की सड़क नहीं होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्कूल की बाउंड्री और सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने आवश्यकता पड़ने पर स्कूल बंद कराने तक की चेतावनी दी।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि प्रशासन तत्काल स्कूल की बाउंड्री का निर्माण करवाने के साथ विद्यालय तक पक्की सड़क का निर्माण कराए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी प्रकार की अनहोनी होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।