आरजीएचएस से उपचार सुविधा में सुधार की मांग को लेकर पेंशनर्स ने सौंपा ज्ञापन

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा के कार्यालय सभागार में बुधवार को जिले की सभी उपशाखाओं के अध्यक्ष, सचिव एवं जिला कार्यकारिणी पदाधिकारियों की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष शंकरसिंह मनोहर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार पेंशनर्स को आरजीएचएस योजना में आ रही समस्याओं एवं आगामी आंदोलन की रणनीति से अवगत कराया गया।

बैठक में आरजीएचएस के तहत उपचार व्यवस्था में आ रही परेशानियों, दवा वितरण में आनाकानी, लंबित चिकित्सा बिलों के भुगतान तथा दवा विक्रेताओं को समय पर भुगतान नहीं होने जैसे मुद्दों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही आरजीएचएस योजना को पूर्व व्यवस्था से हटाकर इंश्योरेंस विभाग को सौंपने के निर्णय का विरोध करते हुए इसके खिलाफ संगठित संघर्ष करने का आह्वान किया गया।

प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सैकड़ों पेंशनर्स जिला पेंशन कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक विशाल जुलूस के रूप में पहुंचे। जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दशोरा के नेतृत्व में पेंशनर्स ने नारेबाजी एवं विरोध प्रदर्शन करते हुए जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरजीएचएस सुविधा में सुधार करने, पूर्ववत व्यवस्था लागू करने तथा प्रत्येक माह जिला स्तर पर बैठक आयोजित करने की मांग की गई।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि ज्ञापन देने के बाद भी राज्य सरकार द्वारा कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पूरे राजस्थान में जिलाध्यक्षों के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन एवं भूख हड़ताल जैसे आंदोलन किए जाएंगे।

इसी क्रम में चालू सप्ताह के दौरान जिले की सभी उपशाखाएं भी अपने-अपने क्षेत्रों में उपशाखा अध्यक्षों के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन कर राज्य सरकार को ज्ञापन प्रस्तुत करेंगी। जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दशोरा ने जिले के सभी पेंशनर्स से संगठित होकर आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने एवं संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।