भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|नगर पालिका आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में भीलवाड़ा नगर निगम और बीगोद नगर पालिका में मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। मंगलवार को अंतिम प्रशिक्षण पूरा होने के साथ ही 318 मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दल चुनावी मोर्चे पर रवाना हो गए।भीलवाड़ा नगर निगम के 293 मतदान केन्द्रों के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, तिलक नगर में मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। वहीं बीगोद नगर पालिका के 25 मतदान केन्द्रों के दलों का प्रशिक्षण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बीगोद में हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को ईवीएम संचालन, मतदान प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों की पूर्ति, मतदान सामग्री के इस्तेमाल तथा चुनाव आचार संहिता से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। इसके बाद दलों को मतदान सामग्री और वाहन उपलब्ध कराकर संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।
अब प्रशासन की निगाहें मतदान दिवस पर रहेंगी। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर मतदान व्यवस्थाओं तक की तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर मतदान दलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मतदान प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
इधर, राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों का प्रचार थमने के बाद अब मैदान पूरी तरह मतदाताओं के हाथ में है। उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी और 14 सितम्बर को होने वाली मतगणना के साथ चुनावी दावों और राजनीतिक समीकरणों की असली तस्वीर सामने आएगी।
318 मतदान केन्द्रों पर तैनात मतदान दल रवाना हो चुके हैं—अब बारी मतदाता की है कि वह अपने मत से किसके पक्ष में फैसला सुनाता है।