अविनाश मीना
घाड़ (देवली), टोंक|स्मार्ट हलचल|चन्दवाड़ गांव में शनिवार रात हरिराम मीणा के मकान पर हुए हमले की जांच मंगलवार को की गई। देवली डिप्टी हेमराज मुड़ और FSL (फॉरेसिंक साइंस लेबोरेटरी) टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और पीड़ित परिवार तथा ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष देखा गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने देवली डिप्टी हेमराज मुड़ के सामने असामाजिक तत्वों के कृत्यों के खिलाफ अपना गुस्सा व्यक्त किया। बड़ी संख्या में महिलाओं सहित उपस्थित ग्रामीणों ने मुख्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
जांच टीम ने घटनास्थल से बड़ी संख्या में पत्थर और लकड़ियां बरामद की हैं, जिनका उपयोग मकान और परिवार पर हमला करने के लिए किया गया था। इस हमले में हरिराम, उनकी पत्नी और बेटी घायल हुए थे। हरिराम का मेडिकल परीक्षण पहले ही हो चुका है, और देवली डिप्टी ने उनकी पत्नी और बेटी का भी मेडिकल करवाने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ पूर्व में भी घाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते ठोस कार्रवाई न होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हुए, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि आगामी पांच दिनों के भीतर सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे एक बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
