विभागों के तालमेल की कमी से उखड़ी 3 करोड़ की सड़क, बाजार में टाइलों के ढेर से बढ़ा हादसों का खतरा

बिन्टू कुमार

नारायणपुर| स्मार्ट हलचल|कस्बे के मुख्य बाजार से गुजर रहे स्टेट हाईवे-52 पर सरकारी विभागों के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। करीब 20 दिन पहले जलदाय विभाग ने नई पाइपलाइन डालने का हवाला देते हुए पीडब्ल्यूडी की बिना अनुमति के जेसीबी चलाकर करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क को जगह-जगह से उखाड़ दिया। नगरपालिका कार्यालय के सामने से लेकर पुरुषोत्तमदास तिराहे तक इंटरलॉकिंग टाइलों को हटाकर सड़क किनारे उनके ढेर लगा दिए गए हैं, जो अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। स्थिति यह है कि सड़क किनारे पड़े टाइलों के ढेर से रास्ता संकरा हो गया है, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना हुआ है। मुख्य बाजार क्षेत्र में होने के कारण यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि दुकानों के सामने मलबा और टाइलें पड़े होने से ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर लापरवाही की ओर न तो पीडब्ल्यूडी विभाग ध्यान दे रहा है और न ही जलदाय विभाग अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने बताया कि इस समस्या को लेकर दोनों विभागों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से जलदाय विभाग को नोटिस देकर भी सूचित किया गया था, इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। जलदाय विभाग के एक्सईएन सुदर्शन ने बताया कि शुक्रवार को स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू करवाने का आश्वासन दिया है। फिलहाल प्रशासन की इस सुस्ती को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।