2010 में विकसित कॉलोनी की सड़कें बदहाल, वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल
शाहपुरा। स्मार्ट हलचल|नगर पालिका द्वारा विकसित की गई केशव नगर कॉलोनी, जो नगर पालिका कार्यालय के ठीक पीछे स्थित है, आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है। वर्ष 2010 में विकसित इस कॉलोनी की सड़कें आज ऐसी स्थिति में हैं कि वहां वाहन चलाना तो दूर, पैदल निकलना भी बेहद कठिन हो गया है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे कई बार नगर पालिका प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायतें दे चुके हैं, लेकिन आज तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। बरसात के दिनों में सड़कों पर कीचड़ और गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन और अधिक मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका कार्यालय के पीछे स्थित होने के बावजूद इस कॉलोनी की लगातार अनदेखी की जा रही है। यह स्थिति उस कहावत को चरितार्थ करती है—”दिया तले अंधेरा।”
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उन्हें भी सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन की बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब नगर पालिका के पीछे स्थित कॉलोनी की यह हालत है, तो दूरदराज के क्षेत्रों की स्थिति कैसी होगी? आखिर आमजन की सुनवाई कब होगी और जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे?
