अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|श्री सीमेंट फैक्ट्री द्वारा फैलाए जा रहे भीषण प्रदूषण और जहरीले रसायनों के विरोध में सरकना गाँव के ग्रामीणों का गुस्सा अब फूट पड़ा है। ‘मगरा बचाओ आंदोलन’ के तहत संघर्ष समिति और ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को लगातार 5वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान संघर्ष समिति ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए और साक्ष्य सार्वजनिक किए।
7 लोगों की मौत, मवेशी और खेती तबाह
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एडवोकेट रहमत काठात ने बताया कि श्री सीमेंट फैक्ट्री द्वारा बेखौफ तरीके से जानलेवा केमिकल्स का उपयोग किया जा रहा है। इसका निस्तारण बिना किसी सुरक्षा मानकों के सीधे खेतों और जल स्रोतों में किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जल परीक्षण (वाटर टेस्ट) रिपोर्ट दिखाते हुए दावा किया कि क्षेत्र का पानी अब बिल्कुल भी पीने योग्य नहीं बचा है। हवा में फैले प्रदूषण से लोगों का दम घुट रहा है और सांस की गंभीर बीमारियों के चलते अब तक 7 लोगों की अकाल मृत्यु हो चुकी है। इसके अलावा, दूषित पानी पीने से हजारों मवेशियों और मछलियों की जान जा चुकी है, जबकि केमिकल भरने से उपजाऊ खेत पूरी तरह नष्ट हो गए हैं।
संघर्ष समिति की प्रमुख मांगें
मुआवजा और विस्थापन: प्रभावित किसानों को नष्ट हुई फसलों व जमीनों का तुरंत मुआवजा दिया जाए तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाया जाए।
सार्वजनिक हो रिपोर्ट: कंपनी प्रबंधन सार्वजनिक करे कि उसने कितने स्थानीय युवाओं को रोजगार दिया है। साथ ही राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जांच रिपोर्ट को भी सार्वजनिक किया जाए।
“श्रमिकों से कोई बैर नहीं, यह अस्तित्व की लड़ाई है”
स्वास्थ्य प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष इकबाल काठात ने श्रमिक संगठनों के आरोपों को खारिज करते हुए साफ किया कि ग्रामीणों का मकसद न तो फैक्ट्री बंद कराना है और न ही कामगारों को काम पर जाने से रोकना है। यह लड़ाई सीधे तौर पर प्रबंधन की लापरवाही और ग्रामीणों के जीवित रहने के अधिकार को लेकर है।
इस आंदोलन को स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है।
पत्रकार वार्ता में ये सभी जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों के साथ प्रेस वार्ता के दौरान आंदोलन को अपना समर्थन देने पहुंचे अतीतमंड सरपंच दुष्यंत सिंह रावत, बलाड़ सरपंच जसवंत बाना, खीमपुरा सरपंच लालसिंह, पंचायत समिति सदस्य भग्गू सिंह, अमीन काठात लूलवा, लूलवा वार्ड पंच अमजद काठात, मुकेश काठात शिवपुरा घाटा, सलीम काठात लसाड़िया, मुस्कान काठात, आजाद काठात, हमीद काठात, अमन काठात, भरत खरवा, अजमत काठात, फारूक काठात, अनिल काठात चिताड़, मुस्कान बानो और फिरोज काठात रावला बाड़िया समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।
