दीपकराठौर
बिजौलियाँ|स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत नगर पालिका मंडल बिजौलिया द्वारा विकसित शहर अभियान 2026 के अंतर्गत नगर क्षेत्र में वार्ड सभाओं का चरणबद्ध आयोजन शुरू होगा। 22 मार्च से शुरू होने वाले अभियान में नगर के सभी 25 वार्डो को शामिल किया गया है। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पंकज मंगल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड की वास्तविक स्थिति का आंकलन कर नागरिकों की भागीदारी से योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करना है। वार्ड सभाओं में जनसंख्या, आर्थिक गतिविधियां, आधारभूत सुविधाएं, सामाजिक- सांस्कृतिक पहलुओं और संसाधनों का विस्तृत सर्वे किया जाएगा। इसके आधार पर हर वार्ड की प्रोफाइल तैयार कर विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय की जाएंगी, जो आगे चलकर ‘विकसित बिजोलिया’ के मास्टर प्लान की आधारशिला बनेगी। अभियान के तहत वार्ड सभाएं प्रतिदिन शाम 7:00 बजे आयोजित होगी। अभियान की शुरुआत 22 मार्च को वार्ड संख्या 1, बालाजी चौराहे से होगी। इसके बाद विभिन्न तिथियों पर अलग अलग स्थानों पर वार्ड सभाएं आयोजित की जाएगी। वार्ड सभाओं में तेजाजी का चौक, थानेश्वर महादेव मंदिर, लाला की देवरी, हरिजन मोहल्ला चौक, राम चौक, चारभुजा मंदिर चौक, दशहरा मैदान सहित अन्य स्थान शामिल हैं। नगर पालिका ने अपने-अपने वार्ड की सभाओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, नालियां, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्या एवं सुझाव रखने की अपील की है।
