_तहसील दिवस पर की गई शिकायत के 21 बिंदुओं की हुई जांच, अभिलेखों की पड़ताल_
खखरेरू/फतेहपुर|स्मार्ट हलचल|विजयीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत कुल्ली में कराए गए विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की शिकायत पर जनपद स्तरीय तीन सदस्यीय जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।ग्राम निवासी शिकायतकर्ता नरसिंह पुत्र धनराज नारायण सहित अन्य ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान बबली देवी पर आरोप लगाया था कि ग्राम सभा में कराए गए विकास कार्यों में सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। इस संबंध में तहसील दिवस पर लिखित शिकायत दी गई थी, जिसमें 21 बिंदुओं पर अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था।
शिकायत के आधार पर जनपद से गठित तीन सदस्यीय टीम ग्राम पंचायत कुल्ली पहुंची और संबंधित अभिलेखों की जांच शुरू की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा ग्राम सभा की कार्ययोजना से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए गए, जिनकी टीम ने सचिव कुल्ली की उपस्थिति में जांच की।
जांच अधिकारी शरद विक्रम (सहकारिता विभाग) ने बताया कि शिकायत में विकास कार्यों के फर्जी भुगतान का आरोप लगाया गया था। प्राथमिक जांच में उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर पड़ताल की गई है। उन्होंने बताया कि कार्य योजना को लेकर शिकायत की गई थी, उनमें से कार्य नहीं किया गया न हीं भुगतान किया गया अभिलेखों की भी जांच की जा रही है।
रीबोर (नलकूप पुनर्भरण) के संबंध में उन्होंने कहा कि पुराना रीबोर मौके पर नहीं मिला है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद की जाएगी। जांच से संबंधित तथ्यों की सत्यापित प्रति शीघ्र ही शिकायतकर्ता को उपलब्ध करा दी जाएगी।










