आसींद–हुरड़ा में करोड़ों के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण डेयरी एवं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत का दौरा

बरसनी ।स्मार्ट हलचल|राजस्थान सरकार के डेयरी एवं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने आसींद–हुरड़ा विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर लक्ष्मीपुरा एवं फलामादा ग्राम पंचायतों में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।इस अवसर पर मंत्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास एवं पशुपालकों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पशुपालन को बढ़ावा देने के साथ गांवों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इन विकास कार्यों से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा तथा फलामादा में पशु चिकित्सालय की स्थापना से पशुपालकों को बड़ी राहत मिलेगी और पशुओं का समय पर उपचार संभव हो सकेगा।

आसींद क्षेत्र के विधायक जब्बर सिंह सांखला ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक कोष एवं राज्य सरकार के सहयोग से ग्राम पंचायतों में करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लक्ष्मीपुरा एवं फलामादा सहित कई गांवों में हुए इन कार्यों से आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी तथा आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।

फलामादा ग्राम पंचायत के सरपंच महिपाल सिंह चूंडावत ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि गांव को पशु चिकित्सालय की सौगात मिलना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब पशुपालकों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लाम्बा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, हुरड़ा प्रधान कृष्णा सिंह राठौर, हेमराज चौधरी, हनुमंत सिंह राठौर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।