अलकेश पारीक
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|पंडेर क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री दौलपुरा बालाजी धाम की 8वीं विशाल पदयात्रा बुधवार को श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के माहौल में निकाली गई। पदयात्रा में महिला, पुरुष और बच्चों ने डीजे पर बज रहे भजनों की धुन पर नाचते-झूमते भगवान बालाजी के जयकारे लगाए। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर यात्रा को भक्तिमय बना दिया। पदयात्रा को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए आयोजन समिति पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटी हुई थी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, चिकित्सा, भोजन, पेयजल तथा मार्ग व्यवस्था सहित सभी आवश्यक इंतजाम किए गए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
डीजे वाहनों के साथ निकली पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। साथ ही जलपान, शरबत, फल एवं अन्य प्रसाद का वितरण भी किया गया।
पूरे मार्ग में बालाजी के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पदयात्रा में बड़ी संख्या में भक्तगण, कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उत्साहपूर्वक शामिल रहे, जिससे पूरा क्षेत्र आस्था और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया।
