(शीतल निर्भीक ब्यूरो)
बलिया।स्मार्ट हलचल| महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर डूहा बिहरा स्थित श्री वनखण्डीनाथ (श्री नागेश्वर नाथ) मठ शिवभक्ति और जनसेवा का अद्भुत केंद्र बनने जा रहा है, जहां पूज्य स्वामी ईश्वरदास ब्रह्मचारी (मौनी बाबा) के पावन सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठानों की भव्य श्रृंखला आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ 14 फरवरी 2026, शनिवार को अखण्ड कीर्तन से होगा, जिसमें निरंतर शिव नाम की गूंज से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठेगा। 15 फरवरी 2026, रविवार को सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु एक साथ भगवान शिव का अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। इसी दिन हवन-पूजन, चरणपादुका पूजन और भजन-कीर्तन का भी आयोजन होगा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो जाएगा। सायं 6 बजे से भगवान नागेश्वर नाथ महादेव की भव्य श्रृंगार आरती संपन्न होगी, जिसमें दीप, धूप और मंत्रोच्चार से मठ परिसर शिवलोक सा प्रतीत होगा। कार्यक्रम का समापन पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा। इस महाआयोजन की सबसे विशेष बात यह है कि इसे केवल पूजा-पाठ तक सीमित न रखकर मानव सेवा से भी जोड़ा गया है।
डॉ0 देवेन्द्र सिंह उपाध्यक्ष श्री वनखण्डीनाथ मठ सेवा संस्थान, डूहा बिहरा बलिया की सक्रिय पहल पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श निःशुल्क दिया जाएगा। डॉ० देवेन्द्र सिंह ने कहा कि शिव आराधना का वास्तविक स्वरूप तब पूर्ण होता है जब उसमें जनकल्याण और सेवाभाव जुड़ा हो। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए यह शिविर लोगों के लिए बड़ी राहत बनेगा। सामाजिक और धार्मिक सेवा में लंबे समय से सक्रिय डॉ० देवेन्द्र सिंह के प्रयासों से मठ सेवा संस्थान की पहचान एक सेवा केंद्र के रूप में भी मजबूत हो रही है।यह आयोजन श्री वनखण्डीनाथ (श्री नागेश्वर नाथ) मठ सेवा संस्थान के सौजन्य से किया जा रहा है, जबकि शिवेन्द्र ब्रह्मचारी (उड़िया बाबा), अध्यक्ष द्वय श्री वनखण्डीनाथ मठ एवं अद्वैत शिवशक्ति परमधाम, इहा बिहरा इसके प्रमुख सूत्रधार हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व को भक्ति, साधना और सेवा के साथ मनाने की अपील की है। डूहा बिहरा और आसपास के क्षेत्रों में इस आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और दूर-दराज से भक्तों के पहुंचने की संभावना है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करेगा, बल्कि समाज में सेवा और एकता का संदेश भी देगा,जिससे महाशिवरात्रि पर बलिया की धरती हर-हर महादेव के जयघोष से शिवमय हो उठेगी।
