नवरात्र में धनोप मातेश्वरी के दरबार में उमड़ रही श्रद्धा, फूल-पाती मांग रहे भक्त

पैदल और वाहनों से पहुंच रहे श्रद्धालु, दिन-रात माता की आराधना में लीन हैं भक्त
अरवड़@- स्मार्ट हलचल|शारदीय नवरात्र के अवसर पर क्षेत्र के शक्तिपीठों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। धनोप मातेश्वरी के दरबार में माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। आसपास के गांवों के साथ दूरदराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त माता के दरबार में पहुंचकर दर्शन लाभ ले रहे हैं।
नवरात्र के दौरान श्रद्धालु व्रत-उपवास रखकर मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं। भक्त अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए माता के दरबार में फूल-पाती मांगते हैं। मान्यता के अनुसार, फूल-पाती के माध्यम से भक्त माता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। कोई पैदल यात्रा कर माता के दरबार पहुंच रहा है, तो कोई वाहनों से दर्शन के लिए आ रहा है।
नवरात्र स्थापना के साथ ही शक्तिपीठ पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। कई भक्त माता के दरबार में दिन-रात रहकर धार्मिक अनुष्ठान और उपासना कर रहे हैं। माता के जयकारों और भक्ति गीतों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना हुआ है। नवरात्र के चलते पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिल रहा है।