रेगिस्तान की बेटी ने दिखाई रफ्तार, धापू चौधरी ने राष्ट्रीय स्तर पर जीता सिल्वर

(चिमु धतरवाल)

बायतु/स्मार्ट हलचल|बालोतरा क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण तब सामने आया जब बायतु की प्रतिभाशाली खिलाड़ी धापू चौधरी ने राष्ट्रीय स्तर की साइक्लिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता हैदराबाद में 4 व 5 अप्रैल 2026 को आयोजित अस्मिता खेलो इंडिया वूमेन साइक्लिंग प्रतियोगिता के तहत सम्पन्न हुई।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से आई महिला साइक्लिस्टों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में धापू चौधरी ने 20 किलोमीटर टाइम ट्रायल इवेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल जीता। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल बायतु, बल्कि पूरे बालोतरा जिले का नाम रोशन किया है।
धापू चौधरी की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। सीमित संसाधनों के बावजूद इस तरह का प्रदर्शन क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।
धापू की इस सफलता की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों का कहना है कि यदि ऐसे खिलाड़ियों को उचित सुविधाएं और प्रोत्साहन मिले, तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
गौरतलब है कि “अस्मिता खेलो इंडिया” प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारना है, और धापू चौधरी ने इस मंच का भरपूर उपयोग करते हुए अपनी क्षमता का लोहा मनवाया है।