ओएसडी की पत्नी किस्मत गुर्जर को 111 मतों से हराकर बने थे सरपंच, कार्यभार संभालते ही विकास का रोडमैप किया स्पष्ट
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फूलियाकलां पंचायत समिति क्षेत्र की सबसे चर्चित और प्रतिष्ठापूर्ण ग्राम पंचायत देवरिया में नवनिर्वाचित सरपंच धर्मप्रकाश शर्मा ने पदभार ग्रहण कर लिया है। सरपंच पद का कार्यभार संभालते ही उन्होंने गांव के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए एक वर्ष के भीतर ग्राम पंचायत में एम्बुलेंस की व्यवस्था करने की महत्वपूर्ण घोषणा की।
गौरतलब है कि देवरिया ग्राम पंचायत का सरपंच चुनाव पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा था। इस हाईप्रोफाइल मुकाबले में पूर्व राज्यपाल के ओएसडी शंकर गुर्जर की पत्नी किस्मत गुर्जर और धर्मप्रकाश शर्मा आमने-सामने थे। कड़े चुनावी मुकाबले में धर्मप्रकाश शर्मा ने किस्मत गुर्जर को 111 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की थी। इस चुनाव पर जिलेभर की निगाहें टिकी हुई थीं। चुनाव परिणाम के साथ ही राजनीतिक रसूख और प्रभाव के बीच जनता के जनादेश की चर्चा भी खूब हुई।पदभार ग्रहण करने के बाद सरपंच धर्मप्रकाश शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत में पहले से संचालित योजनाओं और अधूरे विकास कार्यों को किसी भी परिस्थिति में रुकने नहीं दिया जाएगा। सभी कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। गांव का सर्वांगीण विकास, आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।उन्होंने अपनी पहली बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि एक वर्ष के भीतर ग्राम पंचायत देवरिया में एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाएगी, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में ग्रामीणों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनका नैतिक दायित्व है। पंचायत के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक वार्ड का समान रूप से विकास करवाया जाएगा। उनका लक्ष्य देवरिया ग्राम पंचायत को एक आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करना है।शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया पर हवाई बातें करने से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होता, बल्कि इसके लिए धरातल पर उतरकर काम करना पड़ता है। उनका प्रयास रहेगा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़े।इस अवसर पर उपसरपंच सुरेश कीर, वार्ड पंच सीताराम ढोली, रामलाल बोड़, नीला कुमावत, मंजू देवी, नर्बदा देवी, ओनाड गुर्जर, पूर्व सरपंच रामनारायण कुमावत, माधु पटेल, महावीर चौधरी, रामगोपाल शर्मा, चेतन शर्मा, भागचंद जाट, रतन कीर, सत्यनारायण गुर्जर, शिवराज गुर्जर, हेमराज कीर, भागचंद बेरवा, हनुमान नायक, अर्जुन नायक, राजू शर्मा एवं सांवर कुमावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक व ग्रामवासियों की भारी भीड़ उपस्थित रहीं।