सांवर मल शर्मा
आसींद (भीलवाड़ा)। नेशनल हाईवे 158 पर पिछले काफी समय से लंबित 700 मीटर सड़क निर्माण के कार्य को लेकर अब क्षेत्र के पत्रकारों ने मोर्चा खोल दिया है। प्रशासन और विभाग की उदासीनता से क्षुब्ध होकर शनिवार को प्रेस क्लब आसींद के बैनर तले समस्त पत्रकारों ने अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ कर दिया है । धूल और हादसों का केंद्र बना 700 मीटर का टुकड़ा
आसींद क्षेत्र से गुजरने वाले इस नेशनल हाईवे का महज 700 मीटर का हिस्सा पिछले लंबे समय से अधूरा पड़ा है। स्थिति यह है कि:
6 माह पहले टूटे मकान: सड़क चौड़ीकरण के लिए 6 महीने पहले ही सड़क किनारे के मकानों को ढहा दिया गया था, लेकिन निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हुआ।
बढ़ते हादसे: अधूरा निर्माण आए दिन होने वाले सड़क हादसों का मुख्य कारण बन रहा है।
धूल से जनजीवन बेहाल: उड़ती धूल और मिट्टी के गुबार ने स्थानीय निवासियों और राहगीरों का जीना मुहाल कर रखा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं।
खबरों का असर न होने पर लिया निर्णय
धरने पर बैठे पत्रकार दिनेश साहू, निसार अहमद शेख और सम्पत शर्मा ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की गईं। ग्रामीणों ने अपने खून से पत्र लिखकर ज्ञापन भी दिए और पूर्व में चक्का जाम भी किया गया, लेकिन प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। अंततः नगरवासियों की पीड़ा को देखते हुए पत्रकारों को लोकतांत्रिक तरीके से धरने पर बैठने का निर्णय लेना पड़ा।
‘जब तक काम नहीं, तब तक धरना नहीं होगा खत्म’
प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह धरना तब तक जारी रहेगा जब तक कि सड़क निर्माण का कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो जाता। इस मौके पर प्रेस क्लब के समस्त पदाधिकारी और क्षेत्र के अन्य पत्रकार साथी भारी संख्या में मौजूद रहे।
