ढोकलिया में महर्षि गौतम ऋषि जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा

सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ):- सवाईपुर क्षेत्र के ढोकलिया गांव में गुरुवार को सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा महर्षि श्री गौतम ऋषि महाराज की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई । इस अवसर पर गांव के सामज जनों के सभी परिवारों ने अपने-अपने सदस्यों सहित भाग लेकर आयोजन को भव्य स्वरूप दिया । कार्यक्रम की शुरुआत चारभुजा मंदिर से भव्य शोभायात्रा के साथ हुई । यात्रा में छोटे बच्चों, महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया । भक्ति गीतों के बीच यह शोभायात्रा गांव के मुख्य मार्गों से होकर निकाली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बन गया । शोभायात्रा सामुदायिक भवन ढोकलिया पहुंचकर संपन्न हुई, जहां सभी समाजजन एकत्रित हुए । इस दौरान महर्षि गौतम ऋषि के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर आस्था प्रकट की । कार्यक्रम के अंत में सभी समाजबंधुओं ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया और सामाजिक एकता का संदेश दिया । जय ब्रह्म जय परशुराम के जयघोष के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ । इस दौरान सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार श्याम लाल शर्मा, पूर्व सरपंच कैलाश तिवाड़ी, जगदीश तिवाडी, राधेश्याम शर्मा सहित समाज के कई वरिष्ठ जनों ने कार्यक्रम में भाग लिया ।।