बानसूर।स्मार्ट हलचल।क्षेत्र के किसानों को समर्थन मूल्य पर फसल बेचने में लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने मार्च-अप्रैल में आवेदन किए थे, लेकिन मई-जून तक भी सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ गई। इसी समस्या को लेकर किसान नेता राकेश दायमा के नेतृत्व में किसानों ने बानसूर कृषि मंडी गेट पर करीब तीन घंटे धरना-प्रदर्शन किया और सरकार-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर जल्द खरीद शुरू करने की मांग उठाई। किसानों ने बताया कि खुले में पड़ी फसल गर्मी और मौसम परिवर्तन के कारण खराब होने की कगार पर है। खरीद शुरू नहीं होने से उन्हें मजबूरन अपनी उपज बाहरी व्यापारियों को कम दामों में बेचनी पड़ रही है, जिससे आर्थिक संकट गहरा गया है।
धरने के दौरान मंडी सचिव संदीप कुमार मीणा और एफसीआई अधिकारी बादल खत्री मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से वार्ता कर 5000 बारदानों की व्यवस्था करवाई और मांगों को भारत सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
