एसएमपीएस प्राइमरी विंग में डिजिटल रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान समारोह आयोजित

सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर किया सम्मानित, रचनात्मकता और कला का अनूठा संगम

(पंकज पोरवाल)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|श्री महेश सेवा समिति द्वारा संचालित श्री महेश पब्लिक स्कूल, प्राइमरी विंग में नव संवत्सर के शुभ अवसर पर प्लेग्रुप से लेकर कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों व अभिभावकों के लिए डिजिटल रंगोली प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने घरों पर सुंदर रंगोलियाँ बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया, उन्होंने बड़े ही उत्साहपूर्वक रंगोलियांँ बनाई और उनमें नव संवत्सर 2083 का संदेश शामिल कर, नए वर्ष के स्वागत के लिए उन्हें पाँच दीयों से सजाकर फोटो क्लिक कर स्कूल मोबाइल नंबर पर भेजी गईं। डिजिटल रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करने हेतु 28 मार्च शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्री महेश सेवा समिति के निर्देशक व विद्यालय प्रभारी दिनेश शारदा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों एवं अभिभावकों में रचनात्मकता, कला कौशल एवं पारिवारिक सहभागिता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में श्री महेश सेवा समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश नराणीवाल, सचिव राजेंद्र कुमार कचौलिया, उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल जाखेटिया, सत्यनारायण मूंदड़ा, कोषाध्यक्ष राजेश बाहेती, निर्देशक दिलीप तोषनीवाल तथा निर्देशक व विद्यालय प्रभारी दिनेश शारदा उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों व विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि झा भार्गव के द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। डिजिटल रंगोली प्रतियोगिता में अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आकर्षक एवं सुंदर रंगोलियां बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई रंगोलियों में विभिन्न विषयों की झलक देखने को मिली, जो उनकी कल्पनाशीलता और सृजनात्मकता को दर्शाती हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को उनकी उत्कृष्ट प्रतिभा के लिए पुरस्कार तथा भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि झा भार्गव ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा अभिभावकों और बच्चों के बीच सहयोग एवं सामंजस्य को भी मजबूत बनाती हैं। श्री महेश सेवा समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश नराणीवाल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की कल्पना शक्ति और रचनात्मक कौशल को विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। सचिव राजेंद्र कुमार कचौलिया ने कहा कि रंगोली भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जो हमारे त्योहारों और सामाजिक आयोजनों में विशेष स्थान रखती है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है। कोषाध्यक्ष राजेश बाहेती ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बच्चों को तकनीक का रचनात्मक और सकारात्मक उपयोग करने की प्रेरणा मिलती है। समिति के निर्देशक व विद्यालय प्रभारी दिनेश शारदा ने कहा कि ऑनलाइन आयोजन से हर छात्र को घर बैठे भाग लेने का अवसर मिलता है, जिससे अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित होती है। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।