पीपलून्द में शिक्षा मंत्री ने किया पौधारोपण, पशु आश्रय स्थल का लोकार्पण और प्रतिभाओं का सम्मान
अलकेशपारीक
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|उपखंड क्षेत्र के पीपलून्द में शनिवार को शिक्षा एवं पंचायतराज मंत्री मदन दिलावर पहुंचे। उन्होंने यहां पौधारोपण करने के साथ प्रतिभाओं का सम्मान किया तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल और विधायक गोपीचंद मीणा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस एक विलायती बबूल है, जिससे केवल नुकसान ही नुकसान होता है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में जगह-जगह दुश्मन खड़े करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार विकास को नई गति दे रही है और जहाजपुर क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है। विधायक गोपीचंद मीणा के माध्यम से क्षेत्र में रिकॉर्ड विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
दिलावर ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण और शुद्ध ऑक्सीजन के लिए पेड़ लगाना जरूरी है।
चारागाह से लेकर गौसंरक्षण तक कई कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत पीपलून्द द्वारा निर्मित सार्वजनिक पशु आश्रय स्थल का लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत विकसित वनदेव चारागाह का लोकार्पण तथा संत रविदास चारागाह विकास कार्य का शुभारंभ भी किया गया।
वहीं “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत ग्राम पंचायत एवं जलग्रहण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मियावाकी पद्धति से सघन पौधारोपण अभियान की शुरुआत की गई।
