मंगरोप@मुकेश खटीक।थाना मुख्यालय में दिनदहाड़े हुई चोरी की दो वारदातों ने ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर करीब 12 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर ली।घटना के समय दोनों परिवार गेहूं काटने खेत पर गए हुए थे।पहली वारदात में राजूलाल पुत्र गणेश पुरबिया के घर को निशाना बनाया गया।चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बेड में बनी अलमारियों के ताले तोड़कर सामान बिखेर दिया।यहां से 2 तोला सोने का रामनामी मांदलिया,1 तोले का बोड़ला(बोर)और 10 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए।दूसरी वारदात रामलाल पुत्र प्रभुलाल पुरबिया के मकान में हुई।चोर मुख्य चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दो कमरों के ताले तोड़े।एक कमरे में रखी अलमारी को सरिए से तोड़कर करीब 4 तोला सोना (जिसमें 2 रामनामी मांदलिया), 2 चांदी के पायजेब और 50 हजार रुपए नकद चुरा लिए। बताया जा रहा है कि घर में लड़की की शादी तय होने की सम्भावना के चलते हाल ही में सोना खरीदा गया था।घटना के दौरान मोहल्ले के बुजुर्ग सोहनलाल पुरबिया ने सुबह करीब 10:30 बजे दो संदिग्ध युवकों को मोहल्ले की ओर जाते देखा था।दोनों की उम्र करीब 25-26 वर्ष बताई जा रही है और उन्होंने काले कपड़े पहन रखे थे।उनमें से एक शरीर में मोटा था।आधे घंटे बाद जब वे लौटे तो एक युवक उनके घर के बाहर बैठा मिला,जिसने खुद को हमीरगढ़ निवासी बताते हुए किसी से मिलने आने की बात कही।बुजुर्ग के कम सुनने का फायदा उठाकर दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।चोरी की वारदात की सूचना मिलने के बाद परिवार की महिलाओं की करुण पुकार मच गई।वही देखते ही देखते घर पर रिश्तेदारों की भीड़ जुटने लग गई।दिनदहाड़े हुई इस चोरी से ग्रामीणों में भारी रोष है।सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पीड़ितों की रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू की।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है तथा संदिग्धों की तलाश जारी है।
