दुकान एवं रेहड़ी के बाहर डस्टबिन नहीं रखा तो लगेगा जुर्माना,
शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए निर्देश जारी।
बूंदी- स्मार्ट हलचल।शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए बूंदी नगर परिषद द्वारा सड़कों पर गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद ने शहर के सभी व्यवसायियों और दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखें। नगर परिषद की ओर से जारी सार्वजनिक अपील में चाय, कचौरी, पोहा, फास्ट फूड और फल विक्रेताओं तथा संचालकों को हिदायत दी गई है।
नगर परिषद आयुक्त आशा मीणा ने बताया कि अक्सर खाने-पीने की दुकानों और ठेलों के आसपास कचरा अधिक फैलता है। ऐसे में शहर की सुंदरता को बनाए रखने और गंदगी को खत्म करने के लिए प्रत्येक दुकानदार को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और अपनी दुकान के ठीक सामने डस्टबिन रखना सुनिश्चित करना होगा।
नियम के उल्लंघन पर कटेगा चालान
आयुक्त ने बताया कि यदि किसी दुकानदार, व्यवसायी या संचालक द्वारा इन निर्देशों का उल्लंघन किया जाता है और उनके प्रतिष्ठान के बाहर डस्टबिन नहीं पाया जाता है, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। ऐसे लापरवाह दुकानदारों पर नगर परिषद अधिनियम 2009 के तहत नियमानुसार भारी जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे जुर्माने की कार्रवाई से बचें और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के इस पुनीत कार्य में नगर परिषद का पूरा सहयोग करें।
