एसडीआरएफ ने मॉडल स्कूल मांडलगढ़ में दिया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, छात्रों को सिखाए जीवन रक्षक गुर

बाढ़, आग और दुर्घटनाओं से बचाव के साथ सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार का कराया व्यावहारिक प्रशिक्षण

मॉडल स्कूल मांडलगढ़

मांडलगढ़, स्मार्ट हलचल। राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम द्वारा मॉडल स्कूल मांडलगढ़ में आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को बाढ़, आग तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

एसडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को दुर्घटना के दौरान प्राथमिक उपचार, अत्यधिक रक्तस्राव रोकने के उपाय तथा सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) तकनीक का प्रदर्शन कर प्रशिक्षण दिया। साथ ही आग लगने की स्थिति में सुरक्षित तरीके से आग पर काबू पाने और बचाव कार्य करने के तरीके भी समझाए गए।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और मौके पर ही सीपीआर देने एवं आग बुझाने की तकनीकों का अभ्यास कर महत्वपूर्ण जीवन रक्षक कौशल सीखा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा के समय धैर्य, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का महत्व भी बताया गया।

कार्यक्रम में एसडीआरएफ टीम प्रभारी गोपाल के नेतृत्व में घमंडाराम, राजेंद्र, संतोष कुमार, राजेश कुमार, शंकर लाल एवं जयप्रकाश ने प्रशिक्षण प्रदान किया।

अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह राणावत ने एसडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीम द्वारा दिया गया यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है और भविष्य में आपातकालीन परिस्थितियों में यह ज्ञान उनके जीवन की रक्षा करने में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी शंभू प्रसाद स्वर्णकार ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया।