खेल संकुल में तैयारियों का लिया जायजा, योग से स्वस्थ रहने का दिया संदेश
बूंदी- स्मार्ट हलचल।जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह से पूर्व शनिवार सुबह जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव खेल संकुल पहुंचे और नियमित योग साधकों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वाभ्यास में सहभागिता करते हुए योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया तथा आमजन से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जिला कलेक्टर ने खेल संकुल में चल रही तैयारियों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने खेल संकुल में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों, नियमित भ्रमणकर्ताओं एवं अन्य प्रतिभागियों से संवाद कर उन्हें परिवार सहित 21 जून को प्रातः 6 बजे आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की। इस दौरान उन्होंने योग दिवस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु एक प्रेरक वीडियो संदेश भी जारी किया। जिला कलेक्टर यादव ने बताया कि मुख्य समारोह के साथ-साथ जिले की सभी ग्राम पंचायतों, उपखंड मुख्यालयों तथा चयनित पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले साधकों को सम्मानित भी किया जाएगा।
योग दिवस सहायक नोडल अधिकारी डॉ. सुनील कुशवाह ने बताया कि जिला स्तरीय मुख्य समारोह खेल संकुल में प्रातः 6 बजे “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” की थीम पर प्रारंभ होगा। कार्यक्रम की शुरुआत परिचय व उद्घोषणा व स्वागत सत्र से होगी, जिसके पश्चात प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया जाएगा। तत्पश्चात उन्नत कलात्मक योग प्रस्तुति होगी तथा प्रार्थना के साथ समान्य योगाभ्यास क्रम के अंतर्गत खड़े होकर, बैठकर, पेट के बल एवं पीठ के बल किए जाने वाले विभिन्न योगासनों, प्राणायाम, ध्यान का सामूहिक अभ्यास कराया जाएगा। इसके बाद संकल्प व समापन शांति पाठ के साथ होगा।
योग एवं प्राकृतिक चिकित्साधिकारी डॉ. विमला परमार के निर्देशन में योग गुरु दीपक गुर्जर,भूपेन्द्र योगी, शिखर पंचोली, शक्ति तोषनीवाल, विशाल गुर्जर, प्रांशु सिंह गहलोत, चांदनी वरयानी, सरला कुशवाह, पूजा खत्री, महिमा शर्मा, रविन्द्र गुर्जर, पंकज पारीक, सुधा चौधरी एवं चारू अग्रवाल सहित योग प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों द्वारा नियमित योगाभ्यास करवाया जा रहा है।
