श्रेष्ठ खिलाड़ियों को मिलेगा जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर, 11 जुलाई तक होंगे पंजीयन
स्मार्ट हलचल, चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में जिला स्तरीय अंडर-13 ओपन एवं गर्ल्स चयन शतरंज चैम्पियनशिप का आयोजन 12 जुलाई (रविवार) को प्रतापनगर स्थित माहेश्वरी भवन (गुरुद्वारा के पास) में किया जाएगा। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष कैलाश भूतड़ा एवं सचिव निलेश बल्दवा ने बताया कि प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2013 या उसके बाद की है। इच्छुक प्रतिभागी 11 जुलाई दोपहर 2 बजे तक अपना पंजीयन livechess.in के माध्यम से करा सकते हैं।
प्रतियोगिता स्विस सिस्टम एवं फिडे (FIDE) नियमों के अनुसार पांच चक्रों में खेली जाएगी। जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता से श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें 25 एवं 26 जुलाई को चित्तौड़गढ़ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय अंडर-13 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैम्पियनशिप में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
संघ ने बताया कि जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बड़ा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्तर पर भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान शतरंज संघ के तत्वावधान में 25 एवं 26 जुलाई 2026 को चित्तौड़गढ़ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय अंडर-13 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैम्पियनशिप राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया से जुड़ी होगी। इस प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से 200 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। आयोजन की तैयारियां जिला शतरंज संघ द्वारा जोर-शोर से की जा रही हैं।
