अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के आदेशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा व वृताधिकारी मसूदा जय सिंह के सुपरविजन में बार थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने सब्जी की आड़ में तस्करी कर ले जाए जा रहे 479 किलो 765 ग्राम अवैध डोडा पोस्त को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
नाकाबंदी के दौरान मिली सफलता
बार थानाधिकारी समजिदा बानू ने बताया कि इलाके में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम द्वारा विशेष नाकाबंदी की जा रही थी। इस दौरान हाड़ौती क्षेत्र से मारवाड़ की ओर जा रही एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी (नंबर RJ 36 GA 0516) को रुकवाया गया। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने गाड़ी में ऊपर सब्जी की थैलियां भर रखी थी।
तलाशी में खुले राज
पुलिस टीम ने जब गहराई से तलाशी ली, तो सब्जी की थैलियों के नीचे प्लास्टिक के 25 कट्टे बरामद हुए, जिनमें भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त भरा हुआ था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश बिश्नोई (23 वर्ष) पुत्र प्रेमाराम, निवासी दांतीवाड़ा (जोधपुर) को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है कि यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहाँ होनी थी।
टीम की महत्वपूर्ण भूमिका:
इस कार्रवाई में थानाधिकारी समजिदा बानू सहित हेड कांस्टेबल गिरधारी सिंह, कांस्टेबल राजुराम, कैलाशचंद, हरेन्द्र, रामप्रसाद, सुखदेव और बलदेव का विशेष योगदान रहा।
