नई दिल्ली, 27 फरवरी। स्मार्ट हलचल|शुक्रवार को पूसा कृषि विज्ञान मेला नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर नवोन्मेषी किसान अवॉर्ड से बाड़मेर जिले के झाक निवासी किसान डॉ. देवाराम पंवार को सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय हैं कि आईजी थार विलेज को कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में समय-समय पर किए जा रहे नवाचारों के लिए विशेष रूप से चयनित किया गया। यह सम्मान आईसीएआर- इंडियन एग्रीकल्चरल रिसर्च इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली द्वारा आयोजित मेले में प्रदान किया गया। आईजी थार विलेज के संस्थापक डॉ. पंवार ने शुष्क क्षेत्र में सतत कृषि मॉडल विकसित किया है, जिसमें बकरी दूध से प्राकृतिक साबुन निर्माण, एलोवेरा आधारित उत्पाद, सूखा-सहनशील फसलें तथा पशुपालन एकीकरण प्रमुख हैं। इन प्रयासों से ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा मिला है तथा स्थानीय किसानों को वैज्ञानिक खेती की प्रेरणा प्राप्त हुई। बाड़मेर जैसे कठोर जलवायु वाले क्षेत्र में यह मॉडल आदर्श बन गया है। मेले के उद्घाटन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐसे नवोन्मेषी किसानों की सराहना की तथा दूसरी हरित क्रांति के लिए प्रौद्योगिकी अपनाने का आह्वान किया। डॉ. पंवार का यह चयन राजस्थान के थार क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। बाड़मेर जिले में यह राष्ट्रीय पुरस्कार प्रथम बार प्राप्त हुआ हैं। उक्त पुरस्कार भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के भूतपूर्व सचिव डेयर एवं महानिदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह परोदा, डॉ. सीएच. श्रीनिवास राव – निदेशक भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली के संयुक्त निदेशक (प्रसार) डॉ. आर. एन. पड़ारिया ने प्रदान किया।
