धुवां खुर्द में पेयजल संकट गहरायाः ग्रामीण 2 किमी दूर से ला रहे पानी, अवैध कनेक्शनों से आपूर्ति बाधित

अविनाश मीणा | घाड़ (देवली), टोंक

स्मार्ट हलचल|घाड़ ग्राम पंचायत के धुवां खुर्द गांव में बीसलपुर पेयजल योजना का पानी नहीं पहुंचने से गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीण अपनी प्यास बुझाने के लिए प्रतिदिन दो किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि बीसलपुर योजना की मुख्य पेयजल लाइन घाड़ कस्बे के बीच से गुजरती है। यहां से स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में अवैध कनेक्शन ले रखे हैं। इन अवैध कनेक्शनों के कारण धुवां खुर्द गांव तक पानी का दबाव नहीं पहुंच पाता, जिससे नल सूखे रहते हैं।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस समस्या के बारे में पिछले कई सालों से बीसलपुर प्रोजेक्ट के अधिकारियों को लगातार सूचित किया जा रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र के विधायक राजेंद्र गुर्जर को भी ज्ञापन सौंपा था, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में महेंद्र मीणा, बुद्धि प्रकाश यादव, शिवराज बैरवा, पप्पू यादव, रामसागर बैरवा, बुद्धि प्रकाश बैरवा, बेनी यादव, कीमतराज और रामरख सेन सहित कई ग्रामीण शामिल थे।

ग्रामीणों ने इस समस्या के दो प्रमुख समाधान सुझाए हैं। पहला, बीसलपुर पेयजल योजना की नई लाइन को घाड़ कस्बे के बाहर से बिछाया जाए, जिससे पानी की चोरी और अवैध दोहन रोका जा सके। दूसरा, धुवां खुर्द गांव में एक अलग जल संग्रहण टंकी (CWR/OHSR) का निर्माण किया जाए ताकि गांव को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।