अनिल जांगिड़
बिजयनगर|स्मार्ट हलचल।बिजयनगर शहर के शीतला माता गली व कुम्हार गली क्षेत्र में पिछले 20 दिनों से अधिक समय से पेयजल संकट गहराया हुआ है। पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय बड़ोला ने बताया कि क्षेत्र में बीते 20 दिनों से भी अधिक समय से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। इस दौरान केवल दो बार पानी की सप्लाई हुई, लेकिन उसमें भी नलों से दूषित एवं बदबूदार पानी आने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जलदाय विभाग द्वारा वार्ड में कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गए हैं उसके बावजूद भी अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। पेयजल संकट और दूषित पानी की समस्या से वार्डवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं जलदाय विभाग से शीघ्र समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वार्डवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
